वाराणसी: जल्द दौड़ेंगी 200 नई इलेक्ट्रिक बसें, यात्रियों को मिलेगा फुल AC सफर का आराम
वाराणसी: वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में जल्द ही 200 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे न सिर्फ शहर बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि ये सभी बसें फुल AC होंगी।
कमिश्नर एस. राजलिंगम के अनुमोदन के बाद वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने इन बसों की मांग लखनऊ मुख्यालय को भेज दी है। काशी में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है, जिससे मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा।
मानकों के अनुसार, हर एक लाख आबादी पर 30 बसों की आवश्यकता होती है। इस आधार पर लगभग 17 लाख की आबादी वाले वाराणसी में 510 बसों की जरूरत है। फिलहाल पहले चरण में 200 बसों की मांग भेजी गई है, जबकि शेष 300 बसों के लिए भी जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा।
15 से 20 मई के बीच चलेंगी 77 मिनी बसें
वहीं, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन सेवा के तहत 77 मिनी बसों का संचालन 15 से 20 मई के बीच शुरू हो जाएगा। इनमें वाराणसी की 35, जौनपुर की 20, सोनभद्र की 14, चंदौली की 5 और गाजीपुर की 3 बसें शामिल हैं।
परिवहन निगम ने इन बसों के संचालकों को पहले ही आवंटन पत्र जारी कर दिया है और 15 मई तक बसों को संबंधित डिपो में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वाराणसी ग्रामीण और कैंट) वीके श्रीवास्तव के अनुसार, इन 28 सीटर मिनी बसों के जरिए गांव के अंतिम छोर को जिला मुख्यालय से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
