वाराणसी: 276 पार्कों और खेल मैदानों का होगा कायाकल्प, नगर निगम ने जारी की प्रारंभिक सूची
वाराणसी I वाराणसी नगर निगम शहर के सभी 276 पार्कों और खेल मैदानों के संरक्षण, सुंदरीकरण और व्यवस्थित प्रबंधन की दिशा में बड़ी पहल करने जा रहा है। इसके तहत नगर निगम ने पार्कों और खेल मैदानों की प्रारंभिक सूची तैयार कर सार्वजनिक कर दी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण, सूचीकरण और विधि सम्मत प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सूची में नगर निगम के अलावा वीडीए, आवास विकास, जिला उद्यान अधिकारी/हॉर्टिकल्चर विभाग तथा स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले पार्क भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पार्कों का अब तक औपचारिक रूप से नगर निगम को हस्तांतरण नहीं हुआ है, उनका प्रशासनिक नियंत्रण और स्वामित्व फिलहाल संबंधित मूल विभागों के पास ही रहेगा।
नगर निगम ने नागरिकों और संस्थाओं को भी इस प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर दिया है। उद्यान विभाग द्वारा जारी सूची के प्रकाशन की तिथि से अगले 90 दिनों के भीतर कोई भी व्यक्ति या संस्था अपनी आपत्ति अथवा सुझाव दर्ज करा सकेगी। इसके लिए जलकल कार्यालय के कक्ष संख्या-17 स्थित निगम उद्यान विभाग में संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर मंडलायुक्त द्वारा सुनवाई की जाएगी, जिसके बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पार्क, खेल का मैदान और खुली जगह (संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम-1975 के तहत की जा रही है। इससे शहर की कीमती जमीनों पर होने वाले अवैध कब्जों पर रोक लगाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सूची के प्रकाशन से पार्कों की वर्तमान स्थिति और उनके क्षेत्रफल का सटीक डेटाबेस तैयार किया जा सकेगा। इसके साथ ही भेलूपुर (अस्सी) क्षेत्र की डुमरांव कॉलोनी स्थित 1680 वर्ग मीटर में फैली तुलसी वाटिका उद्यान जैसे प्रमुख पार्कों का जल्द सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण भी कराया जाएगा।
