Movie prime

वाराणसी: 3 करोड़ की ठगी का मामला, गांडीव समाचार पत्र से जुड़े 3 लोग गिरफ्तार, 2 आरोपी फरार

 
वाराणसी: 3 करोड़ की ठगी का मामला, गांडीव समाचार पत्र से जुड़े 3 लोग गिरफ्तार, 2 आरोपी फरार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये की कथित प्रॉपर्टी ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांडीव समाचार पत्र के प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मीरा अरोड़ा, उनकी बेटी एवं समाचार पत्र की स्वत्वाधिकारी रचना अरोड़ा तथा मुद्रक-प्रकाशक राजकुमार बाजपेई शामिल हैं। वहीं, इस मामले में नामजद सोनम अग्रवाल और कनिका मोहले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, चौक क्षेत्र के साड़ी कारोबारी आनंद कृष्ण अग्रवाल की तहरीर पर 10 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी चेतगंज डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर विवेचना की गई, जिसमें आरोपों के प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

3.20 करोड़ में हुआ था मकान का सौदा

एफआईआर के मुताबिक, नील कॉटेज कॉलोनी स्थित 'बरकत भवन' नामक मकान का सौदा 3.20 करोड़ रुपये में तय हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने 1.50 करोड़ रुपये चेक और आरटीजीएस के माध्यम से दिए, जबकि शेष करीब डेढ़ करोड़ रुपये नकद अदा किए।

आरोपियों ने मकान को बैंक के बंधक से मुक्त कराकर जल्द बैनामा कराने का भरोसा दिलाया था। लेकिन बाद में नगर निगम के अभिलेखों की जांच में पता चला कि संबंधित भवन रक्षा मंत्रालय की संपत्ति है, जिसका निजी तौर पर क्रय-विक्रय किया ही नहीं जा सकता।

फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने संपत्ति की वास्तविक स्थिति छिपाते हुए कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये प्राप्त कर लिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने मामले में मीरा अरोड़ा, रचना अरोड़ा और राजकुमार बाजपेई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, फरार चल रहे सोनम अग्रवाल और कनिका मोहले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।