Movie prime

वाराणसी: रोजगार मेले में 392 युवाओं को मिला जॅाब लेटर, 20 कंपनियों ने की भर्ती

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई) के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को वाराणसी के करौंदी स्थित स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।

रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY), आईटीआई और सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों सहित अन्य युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुल 783 अभ्यर्थियों ने मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 392 युवाओं को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे उन्हें रोजगार का अवसर मिला।

....

इस रोजगार मेले में 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर, आईटी, बैंकिंग, एग्रीकल्चर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और रिटेल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत वाराणसी की अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन के दौरान अतिथियों का स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मान भी किया गया।

अपने संबोधन में पूनम मौर्य ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है।

मेले में केवल भर्ती ही नहीं, बल्कि युवाओं को करियर काउंसलिंग, कौशल उन्नयन और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप मार्गदर्शन भी दिया गया, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकें।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक एवं प्रधानाचार्य आईटीआई करौंदी एम.के. सिंह, उप प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार पाण्डेय, जिला प्रबंधक अभिषेक सिंह, जय कृष्ण श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभात पाल, डीपीएमयू टीम, आईटीआई एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मातादयाल श्रीवास्तव ने किया।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे रोजगार मेले जनपद में मांग-आधारित कौशल विकास व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहे हैं।