वाराणसी: पुलिस लाइन में बनेंगे 6 ट्रांजिट हाउस, तबादले पर आने वाले अफसरों को मिलेगी राहत
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तबादले पर आने वाले अधिकारियों को अब आवास की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। शासन ने पुलिस लाइन में 6 आधुनिक ट्रांजिट हाउस बनाने के लिए 2.84 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। परियोजना एक वर्ष में पूरी होने का लक्ष्य है।
वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस में तबादले पर आने वाले अधिकारियों को अब अस्थायी आवास की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। शासन ने पुलिस लाइन परिसर में छह आधुनिक ट्रांजिट हाउस (गेस्ट हाउस) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 2 करोड़ 84 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद नए तैनात अधिकारियों को रहने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रा डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपी सिडको) को सौंपी है। निर्धारित समयसीमा के अनुसार निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाना है।
एक मंजिला होगा ट्रांजिट हाउस कॉम्प्लेक्स
प्रस्तावित ट्रांजिट हाउस भवन एक मंजिला होगा। ग्राउंड फ्लोर पर अधिकारियों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जहां छह से अधिक चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वहीं प्रथम तल पर छह सुसज्जित आवासीय कक्ष बनाए जाएंगे।
इसके अलावा सभी ट्रांजिट हाउस के सामने एक संयुक्त लॉबी का निर्माण किया जाएगा, जिसका उपयोग यहां रहने वाले अधिकारी साझा रूप से कर सकेंगे। यह व्यवस्था अधिकारियों के लिए अस्थायी आवास के रूप में होगी और सरकारी आवास आवंटित होने के बाद उन्हें ट्रांजिट हाउस खाली करना होगा।
कमिश्नरेट बनने के बाद बढ़ी थी आवास की चुनौती
वाराणसी में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकारियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि, अधिकारियों के लिए पर्याप्त सरकारी आवास अब तक उपलब्ध नहीं हो सके हैं।
ऐसी स्थिति में नए स्थानांतरण पर आने वाले अधिकारियों को अस्थायी ठहराव के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुलिस लाइन में मौजूद गेस्ट हाउस आवश्यकता की तुलना में कम पड़ रहे थे, जिसके चलते कई अधिकारियों को होटल या निजी आवास का सहारा लेना पड़ता था।
निर्माण कार्य की होगी नियमित निगरानी
पुलिस प्रशासन के अनुसार परियोजना के लिए आवश्यक बजट जारी हो चुका है और पुलिस लाइन में भूमि भी चिन्हित कर कार्यदायी संस्था को उपलब्ध करा दी गई है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी।
पुलिस लाइन के उपायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि ट्रांजिट हाउस निर्माण के लिए स्थान उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
