वाराणसी: 65 वर्षीय 'हकीम' ने 7 साल की बच्ची से की दरिंदगी, गिरफ्तार
वाराणसी I कोतवाली थाना क्षेत्र के हरतीरथ इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ 65 वर्षीय कथित हकीम महमूद अली ने जघन्य अपराध किया। आरोपी ने सुबह-सुबह बच्ची को उठाया और अपने घर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। किसी तरह बच्ची वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।
गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने तुरंत एकजुट होकर आरोपी महमूद अली को उसके घर से पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट की संगीन धाराओं समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिशासी दया शंकर सिंह ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए दर्ज किया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता की मां का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने मजदूर पिता और चार भाई-बहनों के साथ रहती है। दस साल का भाई चाय की दुकान पर काम करके घर चलाने में मदद करता है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और वह कोनिया क्षेत्र में ससुराल में रहती है। जैसे ही उसे छोटी बहन के साथ हुई हैवानियत की खबर मिली, वह रोते-बिलखते घर पहुंची और पुलिस से आरोपी को सबसे कड़ी सजा देने की गुहार लगाई।
आरोपी महमूद अली कटेहर क्षेत्र का रहने वाला है और खुद को हकीम बताता है। उसके पास विजिटिंग कार्ड भी छपे हुए हैं, जिन पर वह दवा-दारू का हकीम लिखवाता है। वह अक्सर पीड़िता के घर आता-जाता था और पिता से मिलता-जुलता था। इलाके के लोग उसके इस घिनौने कृत्य से स्तब्ध हैं।
