वाराणसी में 75 दिन चलेगा वार्ड प्रवास अभियान, हर वार्ड में पहुंचेंगे विधायक नीलकंठ तिवारी
वाराणसी: शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और स्वच्छता को नई गति देने के उद्देश्य से रविवार को 75 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सूर्यकुंड वार्ड से हुई, जिसमें नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विधायक नीलकंठ तिवारी ने वार्ड का भ्रमण कर स्वच्छता अभियान चलाया और स्थानीय नागरिकों की समस्याएं मौके पर सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
सूर्यकुंड वार्ड में स्वच्छता अभियान, अधिकारियों को मौके पर मिले निर्देश
अभियान के पहले दिन मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा और विधायक नीलकंठ तिवारी ने वार्ड की गलियों और सूर्यकुंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम में गुजरात के अमराईवाड़ी के पूर्व विधायक जगदीश पटेल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बिजली के पोलों पर फैले केबलों के जाल की समस्या उठाई। इस पर विधायक ने नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीवर, नालियां और टूटी सड़कें जल्द होंगी दुरुस्त
वार्ड भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर सीवर चैंबर, नालियां, गलियां और सड़क किनारे लगे पत्थर क्षतिग्रस्त मिले। विधायक नीलकंठ तिवारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां मलबा जमा मिला, उसे भी तत्काल हटाने के आदेश दिए गए।
हर दिन एक वार्ड में पहुंचेंगे विधायक
नीलकंठ तिवारी ने बताया कि यह अभियान लगातार 75 दिनों तक चलेगा। इस दौरान वह प्रतिदिन शहर दक्षिणी विधानसभा के एक-एक वार्ड में प्रवास करेंगे। जनसंपर्क के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनने के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि छोटी से छोटी समस्याओं का भी मौके पर समाधान हो सके।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वार्ड भ्रमण के बाद सनातन धर्म इंटर कॉलेज परिसर में डॉ. ए.के. शर्मा, विधायक नीलकंठ तिवारी और पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।
ए.के. शर्मा बोले- अन्य जनप्रतिनिधियों को भी लेनी चाहिए प्रेरणा
सभा को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा ने विधायक नीलकंठ तिवारी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुबह-सुबह वार्ड प्रवास कर जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और स्वच्छता अभियान चलाना एक अनुकरणीय प्रयास है। इससे छोटी समस्याओं का समय पर समाधान होगा और जनप्रतिनिधियों का जनता से सीधा जुड़ाव भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में स्वच्छता शामिल है और उसी सोच के अनुरूप काशी को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
चौपाल में सुनीं समस्याएं, योजनाओं के लाभार्थियों से भी मिले विधायक
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विधायक नीलकंठ तिवारी ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के साथ चौपाल लगाई और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर उनका हालचाल भी जाना।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, आत्मा विश्वेश्वर, साधना वेदांती, दिलीप साहनी, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, तारकेश्वर गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, पार्षद अनंत राज गुप्ता, श्रवण गुप्ता, मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
