वाराणसी: इलाज के दौरान 8 वर्षीय बच्चे की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
वाराणसी। थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम नएपुर स्थित वर्मा क्लिनिक अस्पताल में इलाज के दौरान एक किशोर की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिकापुर निवासी विनोद राजभर का 8 वर्षीय पुत्र पियूष राजभर पेट दर्द की शिकायत पर बीती रात वर्मा क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चक्का जाम की सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा, थाना फूलपुर प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारी कठिराव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
