Movie prime

वाराणसी: शादी का झांसा देकर नेपाली युवती से 4 साल तक दुष्कर्म, दर्ज कराया मुकदमा
 

 
 वाराणसी: शादी का झांसा देकर नेपाली युवती से 4 साल तक दुष्कर्म, दर्ज कराया मुकदमा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक नेपाली मूल की युवती के साथ शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

नेपाल की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाराणसी के कैंटोनमेंट क्षेत्र में अपने सेना से सेवानिवृत्त पिता के साथ रहती है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात तेलियाबाग निवासी अविनाश सेठ से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर युवती को शादी का प्रस्ताव दिया। पीड़िता का आरोप है कि अविनाश ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर विवाह का विश्वास दिलाया।

युवती के अनुसार, इसके बाद दोनों लगभग दो वर्षों तक टकटकपुर और फिर पहड़िया स्थित एक अपार्टमेंट में पति-पत्नी की तरह साथ रहे। इस दौरान उसने आरोपी को कई बार में करीब चार लाख रुपये दिए। साथ ही अपने पैसों से खरीदी गई कार और स्कूटी भी उसे सौंप दी।

पीड़िता ने बताया कि करीब एक माह पहले अविनाश ने पारिवारिक समस्या का हवाला देते हुए उसे कुछ दिनों के लिए उसके पिता के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और फोन उठाना भी कम कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक, 28 मई को वह अपने भाई के साथ पहड़िया स्थित फ्लैट पर अपना सामान लेने पहुंची। वहां उसने अविनाश को एक अन्य युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो अविनाश और शालिनी गुप्ता नामक युवती ने उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि दोनों ने उसे गालियां दीं और लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश करते हुए घर से बाहर निकाल दिया।

घटना से आहत होकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया। इसके बाद उसने अविनाश सेठ और शालिनी गुप्ता के खिलाफ सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।