Movie prime

Varanasi: लहरतारा में गैस सिलिंडर ब्लास्ट से मकान ध्वस्त, भाई-बहन समेत 2 की मौत; 2 घायल
 

 
 Varanasi: लहरतारा में गैस सिलिंडर ब्लास्ट से मकान ध्वस्त, भाई-बहन समेत 2 की मौत; 2 घायल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा पुल के पास एक गली में मंगलवार सुबह गैस सिलिंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट से एक जर्जर मकान ध्वस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान प्रीति (27) और ओम कुमार चौधरी (30) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अमन चौधरी (31) और गिरजा देवी (60) शामिल हैं, जिनका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। बाहर निकलकर देखा तो एक मकान पूरी तरह से ढह गया था और उसके मलबे में चार लोग दबे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई। साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन और एडीएम आलोक वर्मा समेत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। गिरजा देवी अपने बच्चों के साथ जर्जर मकान में रहती थीं। मंगलवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में रिसाव हुआ और अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मकान भरभराकर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मलबे से निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान भाई-बहन प्रीति और ओम कुमार चौधरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।