Movie prime

Varanasi : दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों से मामूली कहासुनी मारपीट में बदली, बारातियों ने जमकर किया हंगामा, चले लाठी-डंडे

 
marpeet
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में देर रात शादी समारोह के दौरान बारातियों ने जमकर हंगामा किया। दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों से मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर लाठी-डंडे तक चलने लगे। भीड़ बढ़ने के साथ ही मामला और उग्र होता गया और फिर बारातियों ने सड़कों पर आकर तांडव मचा दिया।

सड़क पर उतरे बाराती, वाहनों पर जमकर पथराव

हंगामे के बीच बाराती सड़कों पर आ गए और रास्ते से गुजरने वाले वाहनों पर पत्थर चलाने लगे। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

छोटी-सी कहासुनी बनी बवाल की वजह

घटना गुरुवार देर रात कैंट थानांतर्गत खजुरी स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बने एक लॉन में हुई, जहां शादी समारोह चल रहा था। इस लॉन को पहले से ही मानकों के विपरीत संचालित बताया जा रहा है। देर रात करीब 12 बजे कुछ बाराती शराब के नशे में बाहर निकले और स्थानीय युवकों से किसी बात पर कहासुनी कर बैठे। बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई शुरू हो गई।

बीच-बचाव में जब आसपास के लोग आए तो बारातियों की संख्या बढ़कर 40–50 हो गई। इसके बाद उन्होंने बेकाबू होकर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों के हमले में कई स्थानीय लोग घायल हुए जबकि कई गाड़ियां भी टूट गईं।

100–150 बारातियों का हमला, लोग घरों में छिपने को मजबूर

पथराव के बाद हालात और बिगड़ गए। बाराती करीब 100–150 की संख्या में लामबंद होकर सड़क के दूसरी ओर लालपुर-पांडेयपुर थानांतर्गत मोहल्ले की ओर बढ़ गए। उन्होंने वहां बने घरों पर धावा बोल दिया और महिलाओं-बच्चों तक को लक्ष्य बनाकर अभद्र गालियां देने लगे। अचानक हुए इस हमले से इलाके में भारी दहशत फैल गई और लोग घरों में छिपने को मजबूर हो गए।

कुछ स्थानीय युवकों ने साहस दिखाकर भीड़ को पीछे हटाने की कोशिश की, तब कहीं जाकर स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हो सकी। हालांकि बारातियों का गुस्सा यहां भी शांत नहीं हुआ। लौटते समय उन्होंने सड़क से गुजर रहे ट्रकों और अन्य वाहनों को रोककर अभद्रता की। पूरे क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल अब भी बना हुआ है।