Movie prime

वाराणसी: सारनाथ में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार नगर निगम ठेकेदार को कुचला, मौके पर मौत
 

 
 वाराणसी: सारनाथ में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार नगर निगम ठेकेदार को कुचला, मौके पर मौत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढ़ुपुर इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नगर निगम के ठेकेदार की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक वाहन में फंसकर करीब 30 मीटर तक घसीटता चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान माधोपुर, सिगरा निवासी 32 वर्षीय अमित यादव के रूप में हुई है। अमित यादव नगर निगम में ठेकेदारी का कार्य करते थे। पुलिस के अनुसार, वह मंगलवार को स्कूटी से चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे समारोह से लौटते समय लेढ़ुपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अमित यादव ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की भीषणता इतनी ज्यादा थी कि हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवार में कोहराम

अमित यादव की शादी तीन वर्ष पहले साधना के साथ हुई थी। दंपति की डेढ़ वर्षीय पुत्री काशवी है। अमित दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं।

मृतक के साढ़ू अरविंद यादव की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना स्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।