Movie prime

वाराणसी: शादी का झांसा देकर किन्नर से चार साल तक शारीरिक संबंध, लाखों की नकदी-जेवर हड़पने का आरोप; मुकदमा दर्ज
 

 
 वाराणसी: शादी का झांसा देकर किन्नर से चार साल तक शारीरिक संबंध, लाखों की नकदी-जेवर हड़पने का आरोप; मुकदमा दर्ज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की रहने वाली एक किन्नर ने हुकुलगंज निवासी युवक पर विवाह का झांसा देकर चार वर्षों तक कथित रूप से शारीरिक एवं आर्थिक शोषण करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये और जेवर हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है, वहीं उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात हुकुलगंज निवासी अंकित कुमार यादव से यजमानी के दौरान हुई थी। आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने मंदिर में विवाह करने और जीवनभर पति-पत्नी की तरह साथ निभाने का भरोसा दिया।

पीड़िता का कहना है कि वह किन्नर होने के कारण शुरुआत में संबंध बनाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन आरोपी के लगातार भरोसा दिलाने पर उसने उस पर विश्वास कर लिया। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण करना शुरू कर दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने अपने बड़े भाई की शादी का हवाला देकर 4.50 लाख रुपये उधार लिए, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया। इसके अलावा आधार कार्ड लेकर लौटाया नहीं और नया आधार कार्ड बनवाने के नाम पर भी कई हजार रुपये ले लिए।

पीड़िता ने बताया कि 20 मई 2026 की रात आरोपी ने प्रसाद के नाम पर लड्डू खिलाया। अगले दिन सुबह जब उसकी आंख खुली तो आरोपी घर से गायब था। साथ ही घर में रखे करीब पांच लाख रुपये नकद, सोने की चेन, छह अंगूठियां, मांगटीका, बाली, मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी गायब थीं।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे मोबाइल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर आरोपी के परिजनों ने भी अभद्र व्यवहार किया। वहीं आरोपी कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और हत्या की धमकी दे रहा है।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।