Varanasi : बड़ागांव में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, गर्म तवे से दागने और मारपीट का मामला दर्ज
Varanasi : बड़ागांव में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, गर्म तवे से दागने और मारपीट का मामला दर्ज वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता अजय कुमार पाण्डेय (निवासी जौनपुर) की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
तहरीर के अनुसार, अजय पांडेय ने अपनी बेटी चारू की शादी 26 फरवरी 2024 को बड़ागांव के पुवारी कला खुर्द निवासी राहुल दूबे से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में कार की मांग को लेकर चारू को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उसे कई बार बेरहमी से पीटा गया। यहां तक कि एक बार उसे छत से नीचे फेंकने की कोशिश भी की गई। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आरोप है कि उसे गर्म तवे से दागा गया और सिगरेट से जलाया जाता था।
परिजनों को भी किया गया अपमानित
परिजनों के मुताबिक, जब भी वे बेटी से मिलने ससुराल पहुंचे, उन्हें गाली-गलौज कर भगा दिया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
1 मई को सामने आया मामला
यह मामला 1 मई को तब सामने आया जब पीड़िता के चाचा-चाची उसके ससुराल पहुंचे और उसे घायल अवस्था में देखा। विरोध करने पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल पक्ष ने सहयोग नहीं किया। इसके बाद बड़ागांव थाने की टीम ने हस्तक्षेप करते हुए पीड़िता को थाने लाकर परिजनों को सौंप दिया।
अस्पताल में कराया गया इलाज
पीड़िता का इलाज पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में कराया गया। सिर में चोट के चलते सीटी स्कैन सहित अन्य जांचें की गईं, जबकि रीढ़ की हड्डी में संभावित चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने MRI कराने की सलाह दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
