Movie prime

वाराणसी ADG जोन पीयूष मोर्डिया बने प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर, नवीन अरोरा संभालेंगे वाराणसी जोन की कमान
 

 
 वाराणसी ADG जोन पीयूष मोर्डिया बने प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर, नवीन अरोरा संभालेंगे वाराणसी जोन की कमान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में आईपीएस (आरआर-1997) नवीन अरोरा, जो अब तक अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), वाराणसी जोन नियुक्त किया गया है।

वहीं, आईपीएस (आरआर-1998) पीयूष मोर्डिया, जो वर्तमान में वाराणसी जोन के एडीजी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें पुलिस आयुक्त, प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में शासन ने मंगलवार दोपहर आधिकारिक आदेश जारी किया।

दो वर्ष से अधिक का रहा कार्यकाल

पीयूष मोर्डिया ने 13 फरवरी 2024 को वाराणसी जोन के एडीजी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। दो वर्ष से अधिक के अपने कार्यकाल में उन्होंने पूर्वांचल के नौ जिलों की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा देने का प्रयास किया। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग में नवाचार के कारण उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई।

फरियादियों के लिए शुरू की नई व्यवस्था

वाराणसी जोन में तैनाती के दौरान पीयूष मोर्डिया ने आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एक नई व्यवस्था लागू की। वे फरियादी को अपने सामने बैठाकर संबंधित थाने के इंस्पेक्टर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जोड़ते थे और मौके पर ही समस्या के समाधान का प्रयास करते थे। इस व्यवस्था को जनता ने काफी सराहा और बाद में कई जिलों के पुलिस कप्तानों ने भी इसे अपनाया।

पहले भी रहे सुर्खियों में

इससे पहले मीरजापुर में तैनाती के दौरान पीयूष मोर्डिया ने चर्चित कारतूस घोटाले का खुलासा किया था। वहीं बलिया में तस्करी और उसमें पुलिस की कथित संलिप्तता से जुड़े मामले का पर्दाफाश कर उन्होंने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

अब प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही उनसे वहां भी बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की उम्मीद की जा रही है। दूसरी ओर, नवीन अरोरा के नेतृत्व में वाराणसी जोन की पुलिसिंग को नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।