वाराणसी: SI भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 46 केंद्रों पर होगी परीक्षा; DM ने दिए नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा की अध्यक्षता में जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा सह केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण, शुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने की जिम्मेदारी प्रशासन और सभी संबंधित अधिकारियों की है।
46 परीक्षा केंद्र बनाए गए
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के लिए कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान वे अपने-अपने केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
केंद्र व्यवस्थापक करें कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग
डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले अपने-अपने विद्यालयों में कक्ष निरीक्षकों और अधीनस्थ कर्मचारियों की ब्रीफिंग अवश्य करा लें। साथ ही परीक्षा से जुड़े सभी नियमों और प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी उन्हें दे दी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों को पहले से सैनिटाइज कराया जाए और स्कूलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सही तरीके से की जाए।
परीक्षा के दौरान सख्ती के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों को परीक्षा के समय बंद रखा जाए। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय पूरी तरह चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किसी भी अभ्यर्थी के पास न होने पाए। डीवीआर के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की जाएगी।
साथ ही अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक के दौरान भर्ती बोर्ड से आए अधिकारियों ने परीक्षा से संबंधित प्रक्रियाओं और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सीलबंद बुकलेट खोलने, प्रश्नपत्र वितरण, अनुपस्थित अभ्यर्थियों की प्रविष्टि, वेरिफिकेशन शीट भरने और वीडियो रिकॉर्डिंग जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस दौरान एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा सहित परीक्षा से जुड़े सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
