Movie prime

वाराणसी में पहली बार दिखेगा वायुसेना का शौर्य, 3 दिन तक होगा राफेल, तेजस लड़ाकू विमानों का सबसे भव्य एयर शो

वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को भव्य एयर शो आयोजित होगा। राफेल, तेजस, सूर्य किरण और सी-295 जैसे विमान अस्सी घाट से नमो घाट तक करतब दिखाएंगे। करीब 25 लाख लोगों के इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने की उम्मीद है।
 
रा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस साल काशी का आसमान देश की सैन्य ताकत और हवाई कौशल का साक्षी बनेगा। 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय भव्य एयर शो में राफेल, तेजस, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सी-295 जैसे आधुनिक विमान गंगा किनारे अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। इस आयोजन को देखने के लिए करीब 25 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

तीन दिन तक दोपहर में होगा रोमांचक एयर शो

भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, एयर शो प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालु और पर्यटक अस्सी घाट से नमो घाट तक गंगा किनारे बैठकर या गंगा पार रेती से भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की कलाबाजियां देख सकेंगे।

इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए प्रयागराज एयर फोर्स और वाराणसी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों की तीसरी समन्वय बैठक भी आयोजित की गई।

राफेल, तेजस और सूर्य किरण टीम दिखाएंगी पराक्रम

एयर शो में भारतीय वायुसेना के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान और एरोबेटिक टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राफेल, तेजस, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सी-295 प्रमुख आकर्षण होंगे। विमान अस्सी घाट से नमो घाट के बीच विभिन्न एरोबेटिक फार्मेशन में उड़ान भरेंगे।

दर्शकों को 'वी' फार्मेशन, एशेलान फार्मेशन और विशेष 'त्रिशूल फार्मेशन' देखने का अवसर मिलेगा। वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, त्रिशूल फार्मेशन भगवान श्री काशी विश्वनाथ को समर्पित होगा।

युवाओं में राष्ट्रसेवा का जज्बा जगाना उद्देश्य

वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि एयर शो का उद्देश्य केवल हवाई कौशल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूर्वांचल, वाराणसी मंडल और बिहार के युवाओं में भारतीय सेना और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरणा पैदा करना भी है। वायुसेना की क्षमता, अनुशासन और तकनीकी दक्षता को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इस आयोजन को विशेष रूप से काशी में आयोजित किया जा रहा है।

नमो घाट पर होगी वीवीआईपी गैलरी, आम लोगों के लिए विशेष इंतजाम

आयोजन के दौरान नमो घाट पर वीवीआईपी गैलरी बनाई जाएगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पांच हजार से अधिक विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। हालांकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।

आम दर्शकों के लिए घाटों और गंगा पार विशेष देखने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग कार्ययोजना तैयार कर रहा है।

घाटों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड

एयर शो के दौरान सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों से जुड़े मार्गों और गंगा किनारे एंबुलेंस तैनात रहेंगी। फायर ब्रिगेड की कई टीमें भी मौके पर मौजूद रहेंगी। दर्शकों को विमानों की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए लाइव कमेंट्री की व्यवस्था की जाएगी।

लाउडस्पीकर, एफएम रेडियो और अन्य माध्यमों से लोगों को बताया जाएगा कि विमान किस दिशा से आ रहे हैं और कौन-सा प्रदर्शन होने वाला है, ताकि दर्शक हर रोमांचक क्षण का आनंद ले सकें।

सौ से अधिक विमान और हेलीकॉप्टर होंगे शामिल

वायुसेना के अनुसार, एयर शो में 100 से अधिक विमान और हेलीकॉप्टर भाग लेंगे। सभी विमान एक ही एयरबेस से उड़ान नहीं भरेंगे। इनमें शामिल विमान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर), प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और गाजीपुर समेत विभिन्न एयरबेस से उड़ान भरेंगे।

निर्धारित समय के अनुसार सभी विमान अलग-अलग चरणों में वाराणसी पहुंचेंगे और समन्वित तरीके से हवाई प्रदर्शन करेंगे। एक समय में तीन से लेकर अधिकतम सात विमान एक साथ विशेष फार्मेशन में उड़ान भरेंगे। तीनों दिन एयर शो का प्रारूप समान रहेगा, जबकि कार्यक्रम शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले से विमानों का वाराणसी आगमन शुरू हो जाएगा।