Varanasi Air Show: एयर शो के लिए आज काशी पहुंचेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी, कल आएंगे PM मोदी
वाराणसी में 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को नमो घाट पर मुख्य अतिथि होंगे। राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज काशी पहुंचेंगे। एयर शो के मद्देनजर शनिवार को जिले के स्कूलों में भौतिक कक्षाएं स्थगित रहेंगी और काशी विद्यापीठ में ऑनलाइन पढ़ाई होगी।
वाराणसी। काशी में 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंचेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को नमो घाट पर एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। एयर शो के मद्देनजर शहर में वाहनों की अधिक आवाजाही और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए शनिवार को सभी विद्यालयों में भौतिक कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। काशी विद्यापीठ में भी शनिवार को कक्षाएं ऑनलाइन संचालित होंगी।
आज वाराणसी पहुंचेंगे राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ
प्रोटोकॉल के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह श्री संकटमोचन मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे नमो घाट पर आयोजित एयर शो में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब 5:30 बजे हेलीकॉप्टर से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। मुख्यमंत्री अगले दिन एयर शो में भाग लेंगे।
25 अक्टूबर को नमो घाट पर जुटेंगे कई प्रमुख अतिथि
एयर शो में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और एयर मार्शल तरुण चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
प्रोटोकॉल के मुताबिक, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 25 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे अलग-अलग बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। ये सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगवानी करेंगे।
वित्त मंत्री और वाराणसी के प्रभारी सुरेश कुमार खन्ना भी सुबह करीब सात बजे पहुंच जाएंगे। इसके अलावा होमगार्ड्स राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण, राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत और पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह सहित अन्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
एयर शो के चलते आज स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई
एयर शो के कारण शहर में बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए शनिवार को जिले के सभी विद्यालयों में भौतिक कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं।
इस निर्णय के तहत शनिवार को विद्यार्थियों की कक्षाएं स्कूल परिसर में नहीं चलेंगी। एयर शो के दौरान यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
काशी विद्यापीठ में भी ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं
एयर शो और इसके मद्देनजर किए गए यातायात प्रबंधों को देखते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने भी शनिवार, 24 अक्टूबर को विश्वविद्यालय परिसर में पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित की जाएंगी।
