वाराणसी एयर शो: सीएम योगी ने दिए निर्देश, गंगा घाटों पर आम लोगों को न हो परेशानी, घाटों पर नहीं होगी अनावश्यक बैरिकेडिंग
वाराणसी में एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक की। गंगा घाटों तक आसान पहुंच, सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए।
वाराणसी: एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान आम लोगों को गंगा घाटों तक पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने और भीड़ के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
गंगा घाटों पर सफाई, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर अतिरिक्त सफाई कराई जाए और लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त शौचालय तथा पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो को देखते हुए गंगा घाटों समेत सभी जरूरी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई के साथ 200 मोबाइल टॉयलेट, 280 वाटर टैंकर और दो हजार डस्टबिन गंगा घाटों तथा अन्य मार्गों पर रखे जाएंगे। सफाई व्यवस्था के लिए 200 सफाई वालंटियर के साथ अन्य सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जानकारी भी दी गई।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पड़ा कूड़ा हटाने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर में सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पड़े कूड़े को भी हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के मद्देनजर शहर के सभी प्रमुख मार्गों और जरूरी स्थानों पर साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में किए दर्शन
बैठक में श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र राय, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
