बैंकॉक से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों के बैग से 25 किलो गांजा बरामद, 3 गिरफ्तार
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आई फ्लाइट के तीन यात्रियों के पास से 25 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया। तीनों आरोपी गुजरात के रहने वाले हैं। कस्टम ने उन्हें गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आई अंतरराष्ट्रीय उड़ान के तीन यात्रियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। अधिकारियों ने करीब 25 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बैंकॉक से आई फ्लाइट में मिला गांजा
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-216 रविवार देर रात बैंकॉक से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। विमान के उतरने के बाद कस्टम विभाग की टीम ने यात्रियों की नियमित जांच शुरू की। जांच के दौरान अधिकारियों को तीन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें पारदर्शी पैकेटों में सील किए गए 12 पैकेट मिले।
25 किलो से अधिक गांजा बरामद
तलाशी के दौरान बरामद पैकेटों में कुल 25 किलो 200 ग्राम गांजा पाया गया। कस्टम अधिकारियों ने तुरंत तीनों यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
गिरफ्तार यात्रियों की पहचान, हिमराज रामसिंग सुंदर, निवासी जुनागढ़ (गुजरात), राज कांतिलाल चौहान, निवासी केशोद, जुनागढ़ (गुजरात), हीनाबेन भारदा, निवासी वडोदरा (गुजरात) के रूप में हुई है।
अलग किस्म का गांजा
कस्टम अधिकारियों के अनुसार बरामद किया गया गांजा विशेष किस्म का है, जो आमतौर पर पानी वाले क्षेत्रों में उगाया जाता है। इसकी सप्लाई बड़े महानगरों में की जाती है।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
कस्टम विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
