Movie prime

वाराणसी एयरपोर्ट पर फ्लाइट उड़ाने से पायलट ने किया इनकार, यात्रियों का हंगामा
 

 
 वाराणसी एयरपोर्ट पर फ्लाइट उड़ाने से पायलट ने किया इनकार, यात्रियों का हंगामा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से पहले यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि विमान में यात्रियों के सवार होने के बाद पायलट ने कान में दर्द और तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इस महीने एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान से जुड़ी इस तरह की यह दूसरी घटना है।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6559 को सुबह 11:55 बजे 178 यात्रियों को लेकर वाराणसी से बेंगलुरु के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी यात्री विमान में सवार हो गए थे। इसी दौरान पायलट ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बताते हुए विमान उड़ाने में असमर्थता जताई।

अचानक उड़ान रद्द होने और समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने की सूचना से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। यात्रियों ने विमान के भीतर ही हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के QRT दस्ते के जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को समझाकर शांत कराया।

इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारकर वापस टर्मिनल भवन में बैठाया गया। एयरलाइंस ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दिल्ली से दूसरे पायलट को बुलाने की प्रक्रिया शुरू की। बताया गया कि दूसरे पायलट के पहुंचने के बाद विमान के शाम 5 बजे के आसपास बेंगलुरु के लिए रवाना होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इसी महीने इंडिगो की उड़ान में पायलट के स्वास्थ्य कारणों से देरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बीते गुरुवार को मुंबई जाने वाली फ्लाइट के पायलट ने भी तबीयत खराब होने का हवाला देकर विमान उड़ाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद हैदराबाद से दूसरे पायलट को बुलाया गया और करीब चार घंटे की देरी से उड़ान रवाना हुई थी।