वाराणसी एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार को मुंबई, पुणे समेत दूसरे शहरों के लिए यात्रा करने पहुंचे यात्रियों को विमान निरस्त होने की सूचना मिली, जिसके बाद एयरपोर्ट पर नाराजगी देखने को मिली। कुछ यात्री दूसरे विमानों से रवाना हो गए, जबकि कई को कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ा।
उड़ान निरस्त होने पर एयरपोर्ट पर यात्रियों की नाराजगी
यात्रियों का कहना था कि उन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखे थे और यात्रा की पूरी तैयारी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। लेकिन अचानक उड़ान निरस्त होने की सूचना मिलने से उनकी योजनाएं प्रभावित हो गईं। कुछ यात्रियों को जरूरी काम से मुंबई, पुणे और अन्य शहरों जाना था, जबकि कई लोग परिवार के साथ यात्रा करने पहुंचे थे।
उड़ान निरस्त होने के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। यात्रियों के साथ उन्हें छोड़ने पहुंचे परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ यात्री दूसरे विमानों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए, लेकिन इसके लिए उन्हें अतिरिक्त किराया चुकाने और नए टिकट की व्यवस्था करने में भागदौड़ करनी पड़ी।
कई यात्रियों को वापस लौटना पड़ा
स्पाइसजेट की उड़ानें निरस्त होने के बाद कई यात्रियों को दूसरी विमान सेवाओं में टिकट नहीं मिल सका। ऐसे यात्रियों को यात्रा छोड़कर वापस लौटना पड़ा। वहीं, टिकट की रकम वापस मिलने को लेकर भी यात्रियों की चिंता बनी रही।
7 तारीख से विमान संचालन बंद
स्पाइसजेट के मैनेजर राजेश सिंह ने बताया कि 7 तारीख से ही विमानों का संचालन नहीं हो रहा है। ऑपरेशनल कारणों से उड़ानों पर रोक लगी है और अगले आदेश तक संचालन बंद रहेगा।
