वाराणसी एयरपोर्ट का ऑफिशियल X अकाउंट हैक, रिकवर न होने पर साइबर थाने में शिकायत, जांच शुरू
वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकिंग के बाद अकाउंट को प्लेटफॉर्म की ओर से सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल अकाउंट खोलने पर "Account suspended. X suspends accounts that violate Our Rules" संदेश दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने तकनीकी जांच शुरू कर दी और मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक तकनीकी जांच में आधिकारिक एक्स अकाउंट के हैक होने की पुष्टि हुई है। अकाउंट को दोबारा रिकवर करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर साइबर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की तकनीकी टीम को भी सूचना भेजी गई है, ताकि अकाउंट को जल्द से जल्द बहाल कराया जा सके।
मामले की जांच कर रही साइबर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हैकरों ने अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच कैसे बनाई। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि घटना के पीछे कोई व्यक्ति, गिरोह या साइबर अपराधी समूह शामिल है या नहीं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि जब तक आधिकारिक एक्स अकाउंट बहाल नहीं हो जाता, तब तक एयरपोर्ट से संबंधित सभी जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक, अपुष्ट या संदिग्ध पोस्ट पर भरोसा न करने की भी सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट निदेशक के पीएसओ दिनेश सिंह ने बताया कि आधिकारिक एक्स अकाउंट हैक होने के बाद उसे रिकवर करने के हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुष्टि की कि फिलहाल अकाउंट रिकवर नहीं हो सका है और उसे बहाल कराने की प्रक्रिया जारी है।
