Movie prime

सावन से पहले बड़ी सौगात: काशी विश्वनाथ, संकट मोचन और सर्किट हाउस में RMU तकनीक से होगी बिजली व्यवस्था

ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने वाराणसी में बिजली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सावन और कांवड़ यात्रा से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। काशी विश्वनाथ, संकट मोचन और कांवड़ मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सावन माह और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को वाराणसी में बिजली परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी अधूरे कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करने और व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

काशी विश्वनाथ और संकट मोचन में बिजली आपूर्ति होगी और सुरक्षित

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर और सर्किट हाउस में आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) तकनीक लागू होने से बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, निर्बाध और विश्वसनीय होगी। इससे किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।

16 नए उपकेंद्रों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

ऊर्जा मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन 16 नए विद्युत उपकेंद्रों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि 14 उपकेंद्रों पर निर्माण कार्य जारी है, जिनमें 10 उपकेंद्रों की छत की ढलाई पूरी हो चुकी है और अब फ्लोरिंग का कार्य चल रहा है। शेष दो उपकेंद्र भूमि संबंधी विवाद के कारण लंबित हैं।

इस पर मंत्री ने निर्देश दिया कि भूमि संबंधी सभी बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।

एक महीने में हटेंगी बांस-बल्ली, शिकायतों पर भी सख्ती

बैठक में बिजली लाइनों के सहारे लगी बांस-बल्ली हटाने के अभियान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक माह के भीतर यह अभियान हर हाल में पूरा किया जाए।

उन्होंने गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों की भी समीक्षा की और कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कांवड़ मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति रहे सर्वोच्च प्राथमिकता

सावन और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री एके शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी

ऊर्जा मंत्री ने बैठक के अंत में अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।