होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने किया केंद्रों और मार्गों का निरीक्षण
वाराणसी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जनपद के 45 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में हो रही है—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। हर दिन करीब 40,224 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि तीन दिनों में यह संख्या लगभग 1.20 लाख तक पहुंच सकती है।
इसी को देखते हुए बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए व्यापक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यूपी कॉलेज और रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की एंट्री, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि परीक्षा के दौरान हर केंद्र पर सतर्कता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित करें।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा। संदिग्ध गतिविधियों, अफवाह फैलाने वालों और परीक्षा में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि परीक्षा के दौरान सहयोग करें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का साथ दें। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से भी शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
