Movie prime

वाराणसी: विजयादशमी पर बरेका के सभी गेट दोपहर 2 बजे से रहेंगे बंद, 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
 

 
 वाराणसी: विजयादशमी पर बरेका के सभी गेट दोपहर 2 बजे से रहेंगे बंद, 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। विजयादशमी पर्व को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। 20 अक्टूबर 2026 को बरेका परिसर में आयोजित होने वाले रामलीला मंचन और रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर सभी प्रवेश द्वार दोपहर 2 बजे से पुतला दहन तक बंद रहेंगे। इस दौरान रेल कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र और आम नागरिकों को प्रवेश पास दिखाने पर ही परिसर में आने-जाने की अनुमति मिलेगी।

दोपहर 2 बजे से बंद रहेंगे पांचों प्रवेश द्वार

बरेका प्रशासन के अनुसार, ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट दोपहर 2 बजे से रावण दहन तक बंद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।

शाम 4:30 बजे से शुरू होगा रामलीला मंचन

विजयादशमी के अवसर पर बरेका के केंद्रीय खेल मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम 4:30 बजे से रात 8 बजे तक रामलीला का मंचन, आकर्षक आतिशबाजी और पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

70 फीट का रावण, 65 फीट का कुंभकरण और 60 फीट का मेघनाद

इस वर्ष विजयादशमी समारोह में 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। रामलीला मंचन और पुतला दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।

बरेका प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विजयादशमी के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पहचान पत्र एवं प्रवेश पास अपने साथ रखें। साथ ही सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।