Movie prime

वाराणसी में वित्तविहीन शिक्षकों के हक की हुंकार, समस्याओं को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी : माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने बुधवार को वाराणसी में शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित कर वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया। कार्यक्रम में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई और सभी ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर शिक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

...

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वाराणसी शिक्षक निर्वाचन खंड की प्रभारी ऋतिका दुबे ने नवगठित टीम को शपथ दिलाई और मनोनयन पत्र वितरित किए। इस दौरान संगठन में पहली बार महिला इकाई को नया स्वरूप भी दिया गया। साथ ही प्रधानाचार्य परिषद और प्रबंधक परिषद की सूची जारी की गई।

“वित्तविहीन शिक्षकों की दशा बदलने का समय”

ऋतिका दुबे ने कहा कि वाराणसी और मिर्जापुर मंडल में वित्तविहीन शिक्षकों की स्थिति बेहद चिंताजनक है और अब इसे बदलने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होता है और भविष्य निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

...

उन्होंने कहा, “सुबह से देर रात तक सेवा देने वाले वित्तविहीन शिक्षकों की परेशानियों का यह अंतिम वर्ष होना चाहिए। समान कार्य के लिए समान वेतन मिलना ही चाहिए।”

सरकार को भेजेंगे प्रस्ताव

प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि महासभा सरकार तक वित्तविहीन शिक्षकों की मांगों को मजबूती से पहुंचाएगी। इनमें शिक्षकों की नामावली, सरकारी मान्यता, नियमित मानदेय और कैशलेस इलाज जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संगठन इन मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक आवाज बुलंद करेगा।

...

हर शिक्षक को मतदाता बनाने का लक्ष्य

ऋतिका दुबे ने कहा कि अगले छह महीनों में हर स्कूल, हर शिक्षक और हर प्रधानाचार्य तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक शिक्षक को मतदाता बनाने का अभियान भी चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को शिक्षकों ने समर्थन देकर आगे बढ़ाया, उन्होंने बाद में शिक्षकों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। अब शिक्षक समाज को संगठित होकर अपनी ताकत दिखानी होगी।

पदाधिकारियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान नवगठित संगठन के पदाधिकारियों को पटका पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें संगठन के उद्देश्यों और जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य महासभा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे, महासभा के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा, जिला संगठन मंत्री असीम चौबे, कौशलेंद्र सिंह, जटाशंकर दुबे, कमलेश यादव, राम सिंह, मंडल संरक्षक ममता तिवारी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुषमा श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी दुबे ने की जबकि संचालन सुभाष चंद्र यादव ने किया।