वाराणसी : ‘अर्क महोत्सव एवं एक्सपो-2026’ का आयोजन, समग्र स्वास्थ्य और प्राकृतिक जीवनशैली पर हुई चर्चा
वाराणसी। काशी में समग्र स्वास्थ्य और प्राकृतिक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को ‘अर्क महोत्सव एवं एक्सपो-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाराणसी में आयोजित हुआ, जिसमें स्वास्थ्य, योग और संतुलित जीवनशैली से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व योगी श्रीनिवास अर्क के सान्निध्य में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती बीमारियों से बचने के लिए शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को समझना बेहद जरूरी है।
इस मौके पर धर्म संघ के महामंत्री रामजीत पांडे भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य लोगों को समग्र स्वास्थ्य (Holistic Health) की अवधारणा से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में शिवसेना के प्रवक्ता डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा ने आर्का धाम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़े आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक साबित होते हैं। वहीं शिवसेना के मंडल संगठन मंत्री गौरव शुक्ला ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए।
इसके अलावा गौरव मिश्रा और कृष्णानंद पाण्डेय सहित कई विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, योग, प्राकृतिक जीवनशैली और मानसिक संतुलन से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
महोत्सव के साथ आयोजित एक्सपो में स्वास्थ्य और वेलनेस से जुड़े विभिन्न उत्पादों, सेवाओं और नई पहलों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
