Movie prime

हार्ट पेशेंट को सीढ़ियों से खींचकर की पिटाई, तीन लोगों पर FIR, CCTV फुटेज वायरल

वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र की बिरदोपुर गिरिनगर कॉलोनी में हार्ट पेशेंट बलराम दास के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने उन्हें सीढ़ियों से खींचकर कमरे में ले जाकर पीटा। घटना का 6 मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों पर FIR दर्ज की है।

 
भेलूपुर थाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के बिरदोपुर गिरिनगर कॉलोनी में मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। कॉलोनी में रहने वाली लकी चंदानी ने अपनी सोसाइटी के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। इस घटना से जुड़ा करीब 6 मिनट से अधिक का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सीढ़ियों से खींचकर कमरे में ले जाने का आरोप

पीड़िता लकी चंदानी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 मार्च की रात करीब 8 बजे बलराम दास अपने घर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। उसी दौरान दूसरे फ्लोर पर रहने वाले लवीश चंदानी, काजल चंदानी और संजय चंदानी ने उन्हें पकड़कर सीढ़ियों से खींच लिया और अपने फ्लोर पर स्थित कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया।

3

कमरे में जमकर की पिटाई

तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने बलराम दास को कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि लवीश और काजल ने तकिये से उनका मुंह दबाकर उनके सीने पर वार किए। पीड़ित को जमीन पर गिराकर लात-घूसों से भी मारा गया।

परिजनों का कहना है कि बलराम दास हार्ट पेशेंट हैं, ऐसे में इस तरह का हमला उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता था। किसी तरह वह दरवाजा खोलकर वहां से बाहर निकल सके।

प्रॉपर्टी विवाद का भी बताया जा रहा मामला

बताया जा रहा है कि बलराम दास का कुछ लोगों के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद भी चल रहा है। इस मामले में थाना प्रभारी भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर लवीश चंदानी, काजल चंदानी और संजय चंदानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।