Movie prime

वाराणसी: भेलूपुर थाने में हर सोमवार दोपहर 12 बजे से जनसुनवाई, ACP खुद सुनेंगे शिकायतें

वाराणसी में ACP गौरव कुमार ने रविवार को भेलूपुर थाने का निरीक्षण किया। व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और हर सोमवार दोपहर 12 बजे से थाने में खुद जनसुनवाई करने का निर्णय लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और थाने में बुनियादी सुविधाएं सुधारने के निर्देश दिए।
 
भेलूपुर थाने
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भेलूपुर थाने में अब हर सोमवार दोपहर 12 बजे से ACP गौरव कुमार खुद फरियादियों की शिकायतें सुनेंगे। रविवार को थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। व्यापारियों के सुझाव पर ACP ने नियमित जनसुनवाई का यह निर्णय लिया है।

ACP गौरव कुमार ने कहा कि सोमवार को होने वाली जनसुनवाई फरियादियों की संख्या पूरी होने के बाद ही समाप्त होगी। उनका उद्देश्य लोगों की शिकायतों को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं

निरीक्षण के दौरान ACP ने पुलिसकर्मियों के साथ सैनिक सम्मेलन किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं और उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने थाने में महिला और पुरुष शौचालयों की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान इंस्पेक्टर को निर्देश दिया गया कि पुलिसकर्मियों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न हो।

महिला सहायता केंद्र को दिए निर्देश

ACP ने महिला सहायता केंद्र में तैनात पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं से लगातार अपडेट रहने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचनाओं को समय से पूरा करने और मामलों के निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया।

ACP गौरव कुमार के निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्थाओं के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। नियमित जनसुनवाई शुरू होने से भेलूपुर क्षेत्र के लोगों को अपनी शिकायत सीधे ACP के सामने रखने का मौका मिलेगा।