Movie prime

वाराणसी: ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार; रोजाना 5 लाख रुपये का होता था कलेक्शन
 

 
 वाराणसी: ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार; रोजाना 5 लाख रुपये का होता था कलेक्शन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुरुवार को ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जगतगंज क्षेत्र की दास नगर कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर कानपुर नगर निवासी दीपक सिंह और नवनीत सिंह को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह का प्रतिदिन का कलेक्शन करीब पांच लाख रुपये तक पहुंचता था और यह 50 से अधिक बैंक खातों का संचालन कर रहा था।

साइबर क्राइम के एसीपी विदुश सक्सेना ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के दौरान इस गिरोह का सुराग मिला। तकनीकी विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

बरामद मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों के पैनल, यूजर आईडी, क्यूआर कोड, भुगतान संबंधी जानकारी और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न बेटिंग वेबसाइटों के लिए ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराते थे और जमा-निकासी (पे-इन और पे-आउट) की प्रक्रिया संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच अभी जारी है।