राष्ट्रपति मुर्मू के कथित अपमान का मामला: वाराणसी में ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, फूंका पुतला
वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूंका और इस्तीफे की मांग की। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रपति के स्वागत प्रोटोकॉल का पालन न होने पर सवाल उठाए।
वाराणसी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान को लेकर वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर उठाया सवाल
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अशोक कुमार जाटव ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें रिसीव करने नहीं पहुंचीं, जो कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है।
उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार यदि किसी कारण मुख्यमंत्री स्वयं उपस्थित नहीं हो पाते, तो उनके कैबिनेट का कोई मंत्री राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए पहुंचता है। लेकिन इस मामले में कैबिनेट का कोई मंत्री भी मौजूद नहीं था।
इस्तीफे की उठी मांग
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना न केवल राष्ट्रपति का बल्कि अनुसूचित जनजाति समुदाय का भी अपमान है। उन्होंने ममता बनर्जी से इस मामले में इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पद का सम्मान हर हाल में बनाए रखा जाना चाहिए।
