Movie prime

वाराणसी: पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए BJP का जागरूकता अभियान, इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को अपनाने की अपील
 

 
 वाराणसी: पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए BJP का जागरूकता अभियान, इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को अपनाने की अपील
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को शहर में पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से ईंधन का जरूरत के अनुसार उपयोग करने और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की अपील की।

अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर शहर के विभिन्न इलाकों और पेट्रोल पंपों तक पहुंचे। यहां उन्होंने पेट्रोल भरवाने आए लोगों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कार्यकर्ताओं ने लोगों से कहा कि पेट्रोल और डीजल जैसे प्राकृतिक संसाधनों का सीमित और आवश्यकता अनुसार उपयोग करना देशहित में बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।

अभियान के दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथ जोड़कर लोगों से ईंधन बचाने की अपील करते नजर आए। कई स्थानों पर उन्होंने लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और जागरूकता संदेश से जुड़े स्टीकर भी वितरित किए।

इसके अलावा पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रधानमंत्री की अपील वाले स्टीकर भी लगाए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संदेश से जुड़ सकें।

भाजपा पिछड़ा वर्ग काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां संभव हो वहां इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का उपयोग करें और पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत से बचें।