वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक MLC चुनाव का बिगुल, नामांकन शुरू; 23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों के नामांकन का दौर भी शुरू हो गया है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है, जबकि मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
निर्वाचन अधिकारी एवं मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मंगलवार सुबह 11 बजे अधिसूचना जारी की। इसके बाद कमिश्नरी परिसर में बनाए गए अलग-अलग कक्षों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
दोपहर एक बजे तक स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक प्रत्याशी ने चालान की धनराशि जमा कर नामांकन पत्र प्राप्त किया। इसके अलावा कुल 17 संभावित उम्मीदवारों ने चालान पत्र लिया, जिनमें 13 स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित हैं।
अलग-अलग कक्षों में होंगे नामांकन
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन कमिश्नरी परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में होगा। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में व्यवस्था की गई है।
नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को विकास भवन के सामने स्थित कमिश्नरी परिसर के गेट से प्रवेश दिया जा रहा है। वहां से प्रत्याशी सभागार के सामने से होते हुए निर्धारित नामांकन कक्ष तक पहुंचेंगे।
6 अक्टूबर तक नामांकन, 23 को वोटिंग
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
नामांकन के लिए ये शर्तें जरूरी
प्रत्याशी का प्रदेश की किसी विधानसभा निर्वाचन सूची में मतदाता होना जरूरी है। उम्मीदवार के लिए 10 प्रस्तावक अनिवार्य होंगे और उनके नाम संबंधित विधान परिषद मतदाता सूची में दर्ज होने चाहिए।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशियों के लिए जमानत राशि 5 हजार रुपये और अन्य उम्मीदवारों के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित है। राजनीतिक दल से जुड़े प्रत्याशियों को निर्धारित पार्टी संबंधी प्रपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। नामांकन पत्र प्रत्याशी स्वयं या उसका प्रस्तावक जमा कर सकता है।
इसके साथ उम्मीदवार को बिना टोपी या हैट और बिना काले चश्मे वाली 10 तस्वीरें भी नामांकन पत्र के साथ जमा करनी होंगी।
मतदाता सूची में अभी भी जुड़वा सकते हैं नाम
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों का नाम अभी शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित फॉर्म-18 और फॉर्म-19 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी राजनीतिक दल या संगठन की ओर से बड़ी संख्या में एक साथ आवेदन पत्र जमा नहीं कराए जाएंगे। परिवार का कोई सदस्य अपने परिवार से संबंधित पात्र लोगों के आवेदन जमा कर सकता है।
स्नातक क्षेत्र में 63,941 मतदाता
वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 63,941 मतदाता दर्ज हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,478 मतदाता हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान में 73 मतदेय स्थल हैं। इनमें आठ बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1,400 से अधिक होने के कारण आठ सहायक मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव है। इसके बाद कुल 81 मतदेय स्थल और 21 मतदान केंद्र होंगे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 21 मतदेय स्थल और 21 मतदान केंद्र यथावत रखने का प्रस्ताव है।
