वाराणसी : कुएं में फंदे से लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। हुकुलगंज क्षेत्र के पिपरहवा घाट निवासी 22 वर्षीय इरफान शाह का शव बुधवार सुबह अहिराना के पास स्थित एक कुएं में मिला। युवक का शव फंदे से लटका हुआ था। कुएं के पास पानी लेने पहुंचे स्थानीय लोगों ने शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इरफान शाह, खुर्शीद शाह का सबसे बड़ा बेटा था। उसके दो छोटे भाई हैं, जिनमें साहिल करीब 20 वर्ष का है, जबकि सबसे छोटे भाई की उम्र करीब 15 वर्ष है। परिवार में तीन बहनें भी हैं। इनमें दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बहन अभी अविवाहित है।
परिजनों के मुताबिक, इरफान की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। उसकी करीब एक साल की बेटी है और पत्नी गर्भवती हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पत्नी और बेटी को कुछ समय पहले मायके मुजफ्फरपुर, बिहार भेज दिया गया था।
बताया गया कि इरफान गोदौलिया क्षेत्र में रात के समय बाटी-चोखा की दुकान लगाता था। वह आमतौर पर देर रात या भोर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर लौटता था। दिन में रुपये देकर दुकान लगवाने का काम भी करता था। उसके पिता मुंबई में बैग सिलाई का काम करते हैं।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे तक इरफान घर पर मौजूद था। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। बुधवार सुबह अहिराना के पास कुएं में उसका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली।
सूचना मिलने पर पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इरफान ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की स्थिति और कारणों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।
