Movie prime

वाराणसी: आम के बगीचे में मिला 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव, 10 दिन से था लापता

वाराणसी के कपसेठी क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में 60 वर्षीय राजेंद्र दुबे का शव आम के बगीचे में संदिग्ध हालत में मिला। वह पिछले 10 दिनों से लापता थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है, आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनपुर गांव में शुक्रवार को एक आम के बगीचे में 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।

10 दिन से लापता थे राजेंद्र दुबे

मृतक की पहचान अर्जुनपुर निवासी राजेंद्र दुबे (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे और उनका परिवार वहीं चूड़ी का कारोबार करता है। करीब 10 दिन पहले वे गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका था।

शव के पास से मिले मोबाइल, दस्तावेज और नकदी

पुलिस जांच के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो मोबाइल फोन, चार्जर और करीब दो हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। इन बरामदगी के आधार पर पुलिस ने पहचान की पुष्टि करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का निधन वर्ष 2024 में हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव आने के बाद वे कहां रह रहे थे और किसके संपर्क में थे, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं थी। इसी कारण घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


थानाध्यक्ष विकास मौर्या के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।