Movie prime

वाराणसी: कैंट स्टेशन के सामने अवैध निर्माण पर प्रशासन सख्त, सोमवार को 18 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर
 

 
 वाराणसी: कैंट स्टेशन के सामने अवैध निर्माण पर प्रशासन सख्त, सोमवार को 18 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर में अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। कैंट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित विजयनगरम मार्केट समेत चिन्हित क्षेत्रों में अवैध रूप से बने निर्माणों को हटाने के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, करीब 18 दुकानों को छह महीने पहले ही नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद संबंधित लोगों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद अब प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई का फैसला लिया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक स्थलों और यातायात प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार से शुरू होने वाले अभियान में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न कराई जा सके।

सूत्रों के अनुसार, विजयनगरम मार्केट के अलावा क्षेत्र में मौजूद अन्य अवैध होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और निर्माण भी प्रशासन के रडार पर हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलते ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई शहर के सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्थित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।