Movie prime

वाराणसी: लोहटिया में कारोबारी ने दुकान में लगाई फांसी, 3 साल पहले हुई थी शादी

वाराणसी के लोहटिया इलाके में लोहे की चादर के कारोबारी विकास आनंद ने दुकान में फांसी लगाकर जान दे दी। तीन साल पहले उनकी शादी हुई थी और डेढ़ साल की बेटी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।
 
लोहटिया
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कोतवाली थाना अंतर्गत लोहटिया में उस समय सनसनी फैल गई जब लोहे की चादर का कारोबार करने वाले एक युवक का शव उसकी ही दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान चौक थाना क्षेत्र के छोटी प्यारी निवासी विकास आनंद (34) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रोज की तरह सुबह दुकान खोलने निकला था विकास

मृतक के पिता जनार्दन स्वरूप आनंद ने बताया कि विकास रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर से दुकान खोलने के लिए निकला था। दोपहर में जब वह दुकान पहुंचे तो विकास काउंटर पर नहीं दिखाई दिया। काफी तलाश के बाद जब वह दुकान के अंदर गए तो देखा कि विकास का शव टीन खड़ा करने के लिए लगे लोहे के गाटर से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने फंदे से शव को नीचे उतारा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह और कबीरचौरा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और फंदे में इस्तेमाल की गई नायलॉन की रस्सी को भी जांच के लिए कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीन साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल की बेटी है

परिजनों के अनुसार विकास आनंद परिवार का बड़ा बेटा था और अकेले ही लोहे की चादर के कारोबार को संभाल रहा था। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। विकास अपने पीछे पत्नी और करीब डेढ़ साल की एक मासूम बेटी छोड़ गया है। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं।

आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं

मृतक के पिता जनार्दन स्वरूप आनंद ने बताया कि विकास ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास सामान्य रूप से कारोबार कर रहा था और किसी तरह की परेशानी की जानकारी उसने परिवार को नहीं दी थी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों और करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।