वाराणसी: चौबेपुर में दुष्कर्म प्रकरण पर बड़ा एक्शन, थानेदार लाइन हाजिर, दारोगा निलंबित
वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप के बाद मामला तूल पकड़ गया। पीड़िता के बयान में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप सामने आने पर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर और चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। पुलिस निष्पक्ष जांच और कार्रवाई में जुटी है।
वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से इन्कार कर दिया। पीड़िता के बयान के बाद प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया, जिसके चलते थाना प्रभारी को लाइन हाजिर और संबंधित चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले एक वर्ष से चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के निवासी प्रभाकर निषाद के संपर्क में थी। युवक ने विवाह का भरोसा देकर संबंध बनाए, लेकिन शादी की बात आने पर मुकर गया। 24 फरवरी को दोनों के बीच विवाद भी हुआ, जिसके बाद युवती ने चौबेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक तहरीर एक युवक के खिलाफ दी गई थी। हालांकि, पुलिस पूछताछ के दौरान युवती ने अपने बयान में दो नाबालिग समेत चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया।
मामले में पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के विस्तृत बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसीपी विदुष सक्सेना ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
घटनाक्रम को लेकर लापरवाही के आरोप सामने आने पर चौबेपुर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि संबंधित चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चौबेपुर थाने की जिम्मेदारी नए प्रभारी को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
