Varanasi: टॉवर पर चढ़कर बोली- शादी कराओ, नहीं तो जान दे दूंगी; पुलिस ने प्रेमी से कराई शादी
वाराणसी। वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में प्रेम कहानी का एक अनोखा और चर्चित मामला सामने आया है। 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर अपने प्रेमी से शादी की मांग करने वाली युवती की जिद आखिरकार पूरी हो गई। पुलिस की पहल और दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत के बाद मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज से दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी के दौरान जब प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा तो वह भावुक होकर रो पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर की दूसरी बेटी सुमन राजभर का गांव के ही जवाहर राजभर के बेटे अजय के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। सुमन 12वीं पास है, जबकि अजय ने हाल ही में बीए की पढ़ाई पूरी की है। बचपन से साथ खेलने और पढ़ने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए थे।
परिजनों के विरोध से परेशान सुमन ने 13 जून की सुबह गांव के पास रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन से कटकर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने उसे समझाकर घर वापस ले आए। इसके बावजूद शाम करीब सात बजे वह मंगारी बाजार स्थित एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और अजय से शादी कराने की मांग करने लगी।
करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, ग्रामीणों और परिजनों की समझाइश पर रात लगभग 10 बजे वह नीचे उतरी। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां अजय और उसके परिवार ने शादी कराने का लिखित आश्वासन दिया। हालांकि बाद में अजय विवाह से पीछे हट गया।
इस पर सुमन के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को दोबारा थाने बुलाया। कई घंटों तक चली पंचायत और बातचीत के बाद आखिरकार अजय शादी के लिए राजी हो गया। इसके बाद थाने के समीप स्थित मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
शादी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के बाहर एकत्र हो गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। सिंदूरदान के समय अजय भावुक हो गया और उसकी आंखों से आंसू निकल पड़े। वहीं सुमन ने भी खुशी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि गांव के रिश्ते के अनुसार सुमन, अजय की बुआ लगती है। बावजूद इसके, दोनों बचपन से साथ रहे और उनका प्रेम संबंध पिछले पांच वर्षों से जारी था। लड़की पक्ष ने पुलिस को यह भी बताया कि अजय ने सुमन को कई बार गर्भपात की गोलियां दी थीं।
फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने के बाद शादी ही सबसे उचित विकल्प नजर आया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग दोनों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करता है।
