वाराणसी: सड़क पर उतरे कमिश्नर, अतिक्रमण से लेकर ऑटो तक सब पर सख्ती, अवैध स्टैंड हटेंगे, पार्किंग होगी व्यवस्थित
वाराणसी में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने 7 किमी पैदल निरीक्षण किया। RTC योजना के तहत बैरिकेडिंग, बारकोड सिस्टम, रूट मार्शल और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। नियम तोड़ने वालों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई तेज की जाएगी।
वाराणसी: शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को “Reducing Traffic Congestion (RTC)” योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया।
अंधरापुल से लहरतारा होते हुए मण्डुआडीह चौराहा तक करीब 7 किलोमीटर लंबी दूरी तय कर उन्होंने यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा और मौके पर ही अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
7 किमी पैदल निरीक्षण, ट्रैफिक सुधार पर फोकस
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक संचालन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए, ताकि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके।
ऑटो-टोटो पर लगेगा बारकोड, पहचान होगी आसान
शहर में संचालित ऑटो और टोटो चालकों के लिए बारकोड प्रणाली अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था से वाहनों की पहचान, निगरानी और ट्रैफिक कंट्रोल अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
10 प्रमुख रूट पर ‘रूट मार्शल’ तैनात
RTC योजना के तहत शहर के चिन्हित 10 प्रमुख मार्गों पर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को ‘रूट मार्शल’ बनाया गया है। इनकी जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखना है, खासकर पीक आवर्स में।
अतिक्रमण और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान सड़क पर अतिक्रमण को ट्रैफिक की सबसे बड़ी समस्या मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तीन सवारी जैसे नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
अवैध स्टैंड हटेंगे, पार्किंग होगी व्यवस्थित
पुलिस आयुक्त ने अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर तत्काल हटाने और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेला-खुमचा लगाकर सड़क घेरने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
जवाबदेही तय, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्य मार्गों पर यदि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या बाधा पाई जाती है, तो इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
