Movie prime

वाराणसी: राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत, सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप, FIR की मांग
 

 
 वाराणसी: राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत, सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप, FIR की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों के खिलाफ शिकायत दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संसद परिसर में सनातनी वेश धारण कर सनातन धर्म का उपहास किया गया, जिससे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता बिनीत कुमार सिंह, जो बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष हैं, ने अपनी तहरीर में कहा है कि उन्हें सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए एक वीडियो एवं तस्वीरों की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में सनातनी वेश धारण कर सनातन धर्म का मजाक बनाया, जबकि राहुल गांधी सहित अन्य सांसद इस दौरान उनका सहयोग करते और हंसते दिखाई दिए।

तहरीर में कहा गया है कि इस घटना से उनकी व्यक्तिगत धार्मिक आस्था के साथ-साथ करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता ने इसे हिंदू धर्म, सनातन परंपरा और साधु-संतों के वेश का उपहास बताते हुए संबंधित सांसदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बिनीत कुमार सिंह ने कैंट थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि मामले की जांच कर पप्पू यादव, राहुल गांधी और अन्य संबंधित सांसदों के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था का उपहास न किया जा सके।