Movie prime

वाराणसी में प्लॉट दिलाने के नाम पर सिपाही से 13 लाख की ठगी, होम लोन कराकर हड़पी पूरी रकम

वाराणसी में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर एक सिपाही से 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने होम लोन स्वीकृत कराकर पूरी रकम हड़प ली। कैंट थाने में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी जोन के आदमपुर थाने में तैनात एक सिपाही से प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 13 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने पहले बैंक से होम लोन स्वीकृत कराया और फिर प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के नाम पर पूरी रकम हड़प ली। मामले में कैंट पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्लॉट दिखाकर कराया 15 लाख का होम लोन

पीड़ित सिपाही अमरेश कुमार ठाकुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि फरवरी 2024 में उनकी मुलाकात पहड़िया निवासी गौरव गुप्ता से हुई थी। गौरव ने खुद को प्रॉपर्टी कारोबारी बताते हुए फुलवरिया क्षेत्र में एक प्लॉट दिखाया और भरोसा दिलाया कि उसकी रजिस्ट्री जल्द करा दी जाएगी।

इसके बाद उन्हें खजुरी स्थित कस्तूरी रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय बुलाया गया, जहां योजनाबद्ध तरीके से बैंक ऑफ बड़ौदा की रामकटोरा शाखा से 15 लाख रुपये का होम लोन स्वीकृत कराया गया।

कंपनी खाते में गई रकम, बाकी नकद ले ली

तहरीर के अनुसार, लोन की राशि में से 7.50 लाख रुपये कंपनी के खाते में आरटीजीएस के जरिए जमा करा दिए गए। वहीं 5.50 लाख रुपये रजिस्ट्री और अन्य जरूरी औपचारिकताओं का हवाला देकर नकद ले लिए गए। इस तरह कुल करीब 13 लाख रुपये आरोपियों के पास चले गए।

रजिस्ट्री की बात आई तो टालने लगे आरोपी

पीड़ित का आरोप है कि करीब एक महीने बाद जब उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने की बात कही, तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगे। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

सिपाही की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने गौरव गुप्ता, कस्तूरी देवी, दीपक गुप्ता और एक अन्य महिला के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।