Movie prime

Varanasi: करंट लगने से एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, बच्चियों के सिर से उठा साया

 
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi: जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्दली बाजार चौकी के भोजूबीर सब्जी मंडी इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और पिता शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रीति जायसवाल (28) सुबह नहाने के बाद घर में लोहे की तार से बने हेंगर पर कपड़े फैलाने गईं। इसी दौरान वाटर पंप (टुल्लू पंप) का तार लीक होकर हेंगर से संपर्क में आ गया, जिससे प्रीति को तेज करंट का झटका लगा और वह छटपटाने लगीं। प्रीति को तड़पता देख उनके पति सोनू जायसवाल (30) तुरंत उन्हें बचाने पहुंचे लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद सोनू के पिता राजेंद्र जायसवाल (65) ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

इस हृदयविदारक घटना में एक साथ तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम पसर गया। मृतक दंपत्ति की दो बेटियां—शिवांगी (09), जो कक्षा एक की छात्रा है, और नैंसी (04)—अब अनाथ हो गई हैं। घटना के वक्त शिवांगी स्कूल में थी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं और प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं।