डिजिटल करेंसी स्कैम: इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठग ने युवक के 8 लाख उड़ाए
वाराणसी के राजातालाब में किराये पर रहने वाले बिहार के युवक से डिजिटल करेंसी में निवेश का लालच देकर 8 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। आरोपी निवेश का भरोसा दिलाकर यूपीआई के माध्यम से पैसे लेता रहा और बाद में संपर्क तोड़ दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: राजातालाब क्षेत्र में किराये पर रहने वाले बिहार निवासी युवक से डिजिटल करेंसी में निवेश का झांसा देकर 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले सोनू कुमार साहनी ने राजातालाब थाने में तहरीर में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे ऊंचे मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन निवेश के लिए तैयार किया।
सोनू के अनुसार, 22 अक्टूबर से 19 नवंबर 2025 के बीच उन्होंने 14 किस्तों में करीब 8 लाख रुपये आरोपी के बताए गए यूपीआई अकाउंट में भेजे। लेकिन जैसे ही उन्होंने निवेश और मुनाफे की जानकारी मांगनी शुरू की, आरोपी ने कॉल उठाना बंद कर दिया और सभी संपर्क तोड़ दिए।
काफी कोशिशों के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तब सोनू को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
राजातालाब पुलिस ने गंभीरता से मामले को दर्ज करते हुए साइबर ठग की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से उस यूपीआई अकाउंट और मोबाइल नंबर की जांच कर रही है, जिसके माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है, ताकि पीड़ित के पैसे वापस दिलाए जा सकें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति की बातों में आकर डिजिटल करेंसी या ऑनलाइन निवेश न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
