दालमंडी चौड़ीकरण: 5 मस्जिदों की ध्वस्तिकरण कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी, आज VDA के 7 अवैध मकानों पर भी चलेगा बुलडोजर
वाराणसी: दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहा ध्वस्तीकरण अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी है। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे से लोक निर्माण विभाग (PWD) और संबंधित विभागों की निगरानी में कार्रवाई दोबारा शुरू हुई। सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हित अवैध निर्माणों को हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मौके पर करीब 250 मजदूर ध्वस्तीकरण अभियान में लगे हुए हैं।
पांच मस्जिदों पर तीसरे दिन भी जारी रहा ध्वस्तीकरण
बुधवार से शुरू हुई पांच मस्जिदों के अवैध हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। जिन मस्जिदों पर कार्रवाई की जा रही है उनमें मस्जिद करीमुल्लाह बेग, मस्जिद संगमरमर, मस्जिद अली रजा, मस्जिद रंगीले शाह और नेसारन की मस्जिद शामिल हैं।
गुरुवार शाम तक लगातार चली कार्रवाई के बावजूद इन मस्जिदों का ध्वस्तीकरण पूरी तरह पूरा नहीं हो सका। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश संरचनाओं का करीब 60 से 80 प्रतिशत हिस्सा हटाया जा चुका है, जबकि शेष हिस्से को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है।
हथौड़ा-छेनी से हो रहा है ध्वस्तीकरण
ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान भारी मशीनों के बजाय हथौड़ा और छेनी का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि घनी आबादी और आसपास स्थित पुराने भवनों को देखते हुए सावधानीपूर्वक मैनुअल तरीके से कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी अन्य संरचना को नुकसान न पहुंचे।
VDA के चिन्हित 7 अवैध मकानों पर भी होगी कार्रवाई
दालमंडी में वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा अवैध घोषित सात मकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन मकानों के मालिकों को पहले ही भवन खाली करने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं और मुनादी भी कराई जा चुकी है।
हालांकि शुरुआती चरण में इन मकानों पर कार्रवाई टाल दी गई थी, लेकिन अब प्रशासन ने इन्हें भी ध्वस्तीकरण अभियान में शामिल कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इन भवनों को भी हटाया जाएगा।
181 में से 150 से अधिक भवनों पर हो चुकी कार्रवाई
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल 181 भवन चिन्हित किए गए थे। इनमें से अब तक 150 से अधिक भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। इसी परियोजना के अंतर्गत कुल छह धार्मिक स्थलों की जांच की गई थी, जिनमें से पांच पर ध्वस्तीकरण का कार्य जारी है।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन गंभीर
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या का स्थायी समाधान करना है। इसी कारण अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रशासन की नजर अगले चरण की कार्रवाई पर
ध्वस्तीकरण अभियान के तीसरे दिन भी प्रशासन की प्राथमिकता चिन्हित सभी अवैध निर्माणों को हटाने की है। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के तहत निर्धारित सभी निर्माण हटाए जाने के बाद सड़क चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
