Movie prime

दशाश्वमेध घाट पर भटकती मिली 7 साल की मासूम, पुलिस ने सुरक्षित पहुंचाया बाल गृह, परिजनों की तलाश जारी

वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर अकेली मिली 7 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित राजकीय बाल गृह शिशु पहुंचाया। बच्ची अपना नाम तम्मो बता सकी, लेकिन परिवार की जानकारी नहीं दे पाई। पुलिस विभिन्न माध्यमों से परिजनों की तलाश कर रही है और लोगों से पहचान में सहयोग की अपील की है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: दशाश्वमेध घाट पर सोमवार को एक सात वर्षीय बच्ची अकेली और लावारिस अवस्था में मिली। गश्त के दौरान पुलिस की नजर बच्ची पर पड़ी। पूछताछ में वह अपना नाम तो "तम्मो" बता सकी, लेकिन अपने माता-पिता, घर या निवास स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।

गश्त के दौरान पुलिस को मिली बच्ची

जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी और थाना दशाश्वमेध की एंटी रोमियो टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक खुशबू सिंह अपनी टीम के साथ घाट क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें करीब सात वर्ष की एक बच्ची अकेली बैठी मिली। बच्ची से नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम तम्मो बताया, लेकिन वह अपने परिवार या घर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी।

हर संभव प्रयास के बाद भी नहीं मिले परिजन

पुलिस टीम बच्ची को सुरक्षा के मद्देनजर थाने लेकर आई। इसके बाद विभिन्न माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया। घाट पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई गई और कई स्तरों पर उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की गई, लेकिन देर तक कोई सफलता नहीं मिली।

राजकीय बाल गृह शिशु में कराया गया दाखिला

परिजनों का पता नहीं चलने पर पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए बच्ची को राजकीय बाल गृह शिशु, दुर्गाकुंड (वाराणसी) में सुरक्षित दाखिल करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसके परिवार की तलाश लगातार जारी है।

स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील

चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बच्ची की पहचान या उसके परिवार के बारे में जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना दशाश्वमेध या स्थानीय पुलिस से संपर्क करे, ताकि बच्ची को जल्द से जल्द उसके परिजनों से मिलाया जा सके।