Movie prime

वाराणसी : डिप्टी CM बृजेश पाठक ने SSPG हॅास्पिटल का किया निरीक्षण, मरीजों से की बातचीत, जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल

 
,,,
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को श्री शिव प्रसाद गुप्त (एसएसपीजी) मंडलीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सबसे पहले आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष जताया, जिस पर बृजेश पाठक ने भी संतोष व्यक्त किया।

इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 500 शैय्यायुक्त प्रस्तावित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण और निर्माण से पहले मरीजों के पुनर्स्थापन की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के अस्थायी स्थानांतरण के लिए महिला चिकित्सालय स्थित एमसीएच भवन के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एन.डी. शर्मा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

2. काशी की गंगा आरती में शामिल हुईं दिल्ली की मुख्यमंत्री