वाराणसी: पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान ने व्यापारियों संग की बैठक, समस्याएं सुन दिए जरूरी निर्देश
वाराणसी। पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन नीतू कादयान ने शनिवार को जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों के व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कई व्यापारी संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने व्यापार से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर साझा किए।
गोष्ठी के दौरान पुलिस उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और निष्पक्ष समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को मिलने वाली हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में व्यापारियों ने खासतौर पर सार्वजनिक स्थलों और हाईवे पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि अंधेरे के कारण चोरी की घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इस पर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भले ही यह विषय सीधे पुलिस विभाग से संबंधित नहीं है, लेकिन संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
एक व्यापारी ने सीसीटीवी कैमरा खराब होने की समस्या भी रखी, जिस पर तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी चिंता जताई गई। इस पर पुलिस उपायुक्त ने जागरूकता को सबसे प्रभावी उपाय बताते हुए कहा कि पुलिस समय-समय पर साइबर सुरक्षा को लेकर अभियान चलाती रहती है।
उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी छोटी से छोटी समस्या भी पुलिस के साथ साझा करें और अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं, जिनका रुख सार्वजनिक स्थानों की ओर हो, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने पुलिस उपायुक्त श्रीमती नीतू कादयान को स्मृति चिन्ह भेंट कर और पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि पुलिस और व्यापारियों के तालमेल से क्षेत्र में व्यापारिक माहौल और कानून-व्यवस्था दोनों सुदृढ़ होंगे।
