Movie prime

बाबतपुर एयरपोर्ट से गंजारी स्टेडियम तक मंडलायुक्त का निरीक्षण, लापरवाही पर तहसीलदार को शोकॉज नोटिस

वाराणसी में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बाबतपुर एयरपोर्ट, रनवे विस्तार, गंजारी क्रिकेट स्टेडियम और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट रनवे विस्तार में शिथिलता मिलने पर पिंडरा तहसीलदार को शोकॉज नोटिस दिया गया। मंडलायुक्त ने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
 
बाबतपुर एयरपोर्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की हकीकत जानने के लिए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को बाबतपुर एयरपोर्ट, गंजारी क्रिकेट स्टेडियम और निर्माणाधीन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के कार्यों में शिथिलता मिलने पर उन्होंने पिंडरा तहसीलदार को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया।

बाबतपुर एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार और कार्गो टर्मिनल का जायजा

मंडलायुक्त सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण किया और उसके संचालन समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

करीब 8,800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल के जरिए किसानों के उत्पादों को देश के बाहर, विशेषकर खाड़ी देशों तक पहुंचाने में मदद मिलती है। मंडलायुक्त ने कार्गो सुविधाओं को वाराणसी की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्गो से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन एयरपोर्ट रनवे एक्सपेंशन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रनवे विस्तार की प्रगति और इसमें आने वाले विभिन्न स्ट्रक्चर की जानकारी ली। उन्होंने विस्तार क्षेत्र में आने वाले स्ट्रक्चर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

रनवे विस्तार के कार्य में अपेक्षित गति नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने तहसीलदार पिंडरा को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पालन जरूरी

मंडलायुक्त ने एयरपोर्ट से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों और एयरपोर्ट के नियमित संचालन पर असर कम से कम हो।

उन्होंने संबंधित विभागों और एयरपोर्ट प्रबंधन को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। मंडलायुक्त ने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने से वाराणसी की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गंजारी क्रिकेट स्टेडियम में निर्माण की रफ्तार और गुणवत्ता परखी

इसके बाद मंडलायुक्त गंजारी स्थित निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से परियोजना के अलग-अलग कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति, निर्माण सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि स्टेडियम से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

उन्होंने स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विकसित की जा रही आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

350 करोड़ की लागत से बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

गौरतलब है कि वाराणसी के गंजारी में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का करीब 80 प्रतिशत से अधिक काम पूरा होने की जानकारी दी गई। शेष निर्माण कार्य अक्टूबर की शुरुआत तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। मंडलायुक्त ने कहा कि गंजारी क्रिकेट स्टेडियम वाराणसी के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके तैयार होने से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की भी देखी प्रगति

गंजारी दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में चल रही सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजातालाब शांतनु समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।